मिहींपुरवा (बहराइच)। मिहींपुरवा-लखीमपुर हाईवे पर बृहस्पतिवार को एसडीएम अश्वनी पांडेय व सीओ हर्षिता तिवारी की अगुवाई में की गई सघन जांच में बड़ी सफलता हाथ लगी। टीम को जंगल से सटे एक ढाबे से भारी मात्रा में नेपाली करेंसी व गांजा मिला। साथ ही अवैध असलहा भी बरामद हुआ। छापे के दौरान ढाबा संचालक भाग गया। पुलिस ने चार लोगोंं को हिरासत में लेकर पूंछताछ शुरू की है।
एसडीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने बताया कि सीओ हर्षिता तिवारी व पुलिस टीम के साथ वाहनों का चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान ढाबे पर अवैध गतिविधियोंं की गुप्त सूचना मिली। जिसके बाद चेहल्लुम जंगल ढाबा पर रेंजर धर्मेंद्र कनौजिया के साथ छापा मारा। जिसमें ढाबे से भारी मात्रा में नेपाली करेंसी मिली है, साथ ही आधा किलो गांजा बरामद हुआ है। वहीं, एक असलहा व चाकू भी मिला है। इसके बाद ढाबे को सीज कर दिया गया।
एसडीएम ने बताया कि ढाबा संचालक मौके से फरार हो गया, लेकिन मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में कुछ अन्य तथ्योंं के खुलासे की संभावना है। घटना की तस्करी के साथ सुरक्षा के दृष्टि से भी जोड़कर जांच की जा रही है।