मिहींपुरवा में सुजौली-गिरिजापुरी मार्ग पर नहर पुल पर बह रहा पाइप से पानी।
बहराइच। जहां एक ओर ग्रामीण शुद्ध पेयजल को तरस रहे हैं तो वहीं मिहींपुरवा के चफरिया में शुद्ध पेयजल सरयू नहर पुल पर बह रहा है। बहता हुआ यह पेयजल राहगीरों के लिए भी मुसीबत बन रहा है और बाइक व साइकिल सवार फिसल कर चोटिल हो रहे हैं।
मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मुहैया करवाने की महत्वाकांक्षी योजना में बड़ी विभागीय लापरवाही सामने आई है। जहां कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सटे चफरिया ग्राम पंचायत में पानी टंकी निर्माण के बाद डाली गई नई पाइप को जिम्मेदार जोड़ना ही भूल गए। इससे पाइप में आ रहा शुद्ध पेयजल सुजौली- गिरजापुरी मार्ग स्थित सरयू नहर के पुल पर बह रहा है।
पाइप से तेज धार में बह रहा पानी पुल पर भर रहा है, जो राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। पुल पर भरे पानी के चलते गुजरने वाले बाइक व साइकिल सवार फिसल कर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। यही नहीं सरयू नहर पुल की रेलिंग टूटी होने से यह गंदा पानी व कीचड़ बड़े हादसे का सबब भी बन सकता है। क्षेत्रीय ग्रामीण तरूण, विद्यासागर, बब्लू आदि ने बताया कि पाइप न जोड़ने से ग्रामीण अभी भी दूषित पानी पी रहे हैं और हमारे हिस्से का पानी बेकार हो रहा है।