कस्बे के लोगों को शीघ्र लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिल जायेगा। कस्बे में 33/11 विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। उपकेंद्र में विद्युत ट्रायल किया जा रहा है। एक सप्ताह में उपकेंद्र से कस्बे में आपूर्ति शुरू कर दी जायेगी।
नवाबगंज कस्बे व उसके आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत उपभोक्ता अर्से से लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे थे। विद्युत व्यवस्था भी बदहाल थी। समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने तत्कालीन ऊर्जा राज्यमंत्री यासर शाह से मिलकर समस्या से निजात दिलाने की आवाज उठाई थी।
क्षेत्रवासियों की समस्याओं पर तत्कालीन ऊर्जा राज्यमंत्री ने 22 अगस्त 2015 को कस्बे में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया था। अब उपकेंद्र पर निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इसके बाद विभाग कस्बेवासियों के लिए एक सप्ताह में उपकेंद्र को संचालित कराने को कदम उठाने जा रहा है।
उपकेंद्र संचालित होने से कस्बेवासियों को लो वोल्टेज की समस्या से निजात तो मिलेगी ही। इसके साथ में कस्बे में हो रही ट्रिपिंग की समस्या भी काफी हद तक दूर हो जायेगी।