बहराइच। पड़ोसी देश नेपाल में हुए भीषण सड़क हादसे ने बहराइच के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पोखरा से काठमांडू जा रही बस बेनीघाट क्षेत्र में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में त्रिशूली नदी में समा गई। हादसा इतना भयावह था कि अब तक करीब 20 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में बहराइच के नानपारा इलाके का एक युवक भी शामिल है।
नानपारा कोतवाली के ग्राम हाड़ा बसहरी निवासी मनीष शुक्ला (33) कुछ दिनों पहले नेपाल घूमने गए थे। परिवार के अनुसार वह पर्यटन के उद्देश्य से गए थे और देर रात बस से काठमांडू की ओर जा रहे थे। उसी दौरान बस बेनिघाट इलाके में अनियंत्रित हो गई और सीधे त्रिशूली नदी में जा गिरी।
सोमवार को हादसे की सूचना जैसे ही मनीष के परिजनों को मिली, घर में मातम पसर गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन तत्काल नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं, ताकि शव को वापस लाया जा सके।
मनीष नानपारा कस्बे के गोयल तिराहा पर कॉपी-किताब की दुकान चलाते थे। वह मिलनसार और व्यवहार कुशल थे। ग्रामीणों के अनुसार वह परिवार की जिम्मेदारियां बखूबी निभा रहे थे। अभी उनकी शादी नहीं हुई थी और तीन भाइयों में वह सबसे छोटे थे। मनीष की मौत से पूरे इलाके में गहरा शोक व्याप्त है और लोग परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।