नानपारा नगर को स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। वाईफाई व सीसीटीवी कैमरे समेत अत्याधुनिक संसाधनों से लैस किया जाएगा। इसके लिए दो करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है। शासन को भेजे गए प्रस्ताव को जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। उसके तहत वर्ष 2017 में नानपारा नगर पालिका परिषद स्मार्ट सिटी बन सकेगी।
देश के कई शहरों को स्मार्ट बनाने की सरकारों के स्तर से कोशिशें हो रही हैं। इस दिशा में नानपारा नगर पालिका परिषद ने नगर क्षेत्र को अत्याधुनिक बनाने की कवायद शुरू की है। करीब चार किलोमीटर परिक्षेत्र में आबाद नानपारा नगर को सीसीटीवी कैमरे व वाईफाई की सुविधा से लैस किये जाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है।
नगर पालिका परिषद के चेयरमैन अब्दुल वहीद ने बताया कि नगर को अत्याधुनिक सिटी बनाने के लिए दो करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव में बिजली, पानी, वाईफाई, प्रकाश व सभी ई सुविधाएं मुहैया कराने का उल्लेख किया गया। फाइल शासन को भेज दी गई है। प्रमुख सचिव नगर विकास व नगर विकास मंत्री आजम खां ने प्रस्ताव को सराहा है।
आश्वासन दिया है कि डेढ़ माह में परियोजना को मंजूरी मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि बजट स्वीकृत होने के साथ ही काम शुरू कर दिया जाएगा। वर्ष 2017 के शुरुआत के तीन महीनों में नानपारा नगर को स्मार्ट सिटी बनाने की योजना है। नानपारा नगर नेपाल सीमा से 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पर्यटक अक्सर नगर क्षेत्र से गुजरते हैं।
स्मार्ट सिटी बनने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है। बताया कि नगर क्षेत्र में मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराया जाएगा। चंडीगढ़ व हरियाणा की तर्ज पर मोबाइल शौचालय रिक्शा का संचालन किया जाएगा। प्रस्ताव के मुताबिक स्मार्ट सिटी का कंट्रोल रूम नानपारा नगर पालिका परिषद कार्यालय में स्थापित किया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। चेयरमैन ने बताया कि अगले वर्ष की शुरुआत में स्मार्ट सिटी का तोहफा देने की कोशिश है।