नानपारा (बहराइच)। नगर पालिका नानपारा प्रशासन ने अमृत योजना के तहत हर घर में शुद्ध पेयजल पंहुचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस योजना के तहत सात ट्यूबवेल और दो ओवरहेड टैंक बनाकर नगर पालिका क्षेत्र के 60 किलोमीटर के दायरे में पाइप लाइन बिछाई जाएगी। सभी कार्यो पर करीब 50 करोड़ का खर्च आएगा। पालिका प्रशासन ने कार्ययोजना तैयार प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। शीघ्र प्रस्ताव पर मोहर लगते ही काम शुरू हो जाएगा।
इस योजना के पूरा होने पर क्षेत्र की करीब 70 हजार की आबादी को इसका लाभ मिलने लगेगा। नगर पालिका नानपारा वर्ष 1972 में उपनगर पालिका के रूप में पहली बार अस्तित्व में आई थी लेकिन उस समय यहां चेयरमैन के पद के लिए चुनाव नहीं होते थे। नगर पालिका नानपारा को पूरी तरह नगर पालिका परिषद के रूप में वर्ष 1988 में पहचान मिली थी।
उस समय नगर पालिका की बोर्ड में 15 सदस्य होते थे। लेकिन धीरे-धीरे नगर पालिका का दायरा बढ़ता गया और मौजूदा समय नगर पालिका क्षेत्र में 25 वार्ड शामिल हो गए। अब नगर पालिका के इन 25 वार्डो में करीब 70 हजार की आबादी निवास कर रही है।
नगर पालिका का दायरा तो बढ़ता रहा लेकिन यहां के लोगों को शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। हालांकि वर्ष 2007 में तत्कालीन नपाप की सरकार में 22 किलोमीटर की पाइप लाइन बिछाकर दो पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था।
आबादी के हिसाब से प्रत्येक वार्ड में शुद्घ पेयजल लोगों के लिए सपना बना हुआ था। लेकिन अब 2023 में नगर पालिका की नई सरकार बनने के करीब 35 साल बाद नानपारा नगरवासियों को शुद्ध पेयजल दिलाने के लिए केंद्र सरकार की अमृत पेयजल योजना के तहत कार्य योजना को अमलीजामा पहनाया गया है।
पालिका प्रशासन की ओर से करीब 50 करोड़ की कार्ययोजना बनाकर प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद तत्काल धरातल पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
अमृत पेयजल याजना के तहत ये काम होंगे
जलनिगम के अधिशासी अभियंता जियाउल हक बताते हैं कि योजना के तहत 1400 व 1100 केएल ओएचटी ओवरहेड टैंक पानी की टंकी निर्मित कराई जाएगी। वार्डो के चयनित स्थानों पर सात ट्यूबवेल का निर्माण कराकर नगर पालिका क्षेत्र के दायरे में 60 किलोमीटर की पाइपलाइन बिछाकर लोगो के घरों तक पेयजल की व्यवस्था बनाई जाएगी।
वर्ष 2007 में बिछाई गई थी पाइप लाइन
इससे पूर्व वर्ष 2007 में नपाप की चेयरमैन फहमीदा बानो के कार्यकाल में पहली बार 22 किलोमीटर की पाइप लाइन बिछाकर एक-एक लाख लीटर की दो पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। इसके अलावा टंकी को भरने के लिए तीन ट्यूबवेल भी स्थापित कराया गया था।
शीघ्र शुरू होगा काम
सात ट्यूबवेल लगाने के लिए पालिका प्रशासन की ओर नगर के सात मोहल्लों में स्थान का चिह्नीकरण कर जलनिगम को जमीन सौंप दी गई है। जबकि दो ओवरहेड टंकी बनाने के लिए भी स्थान का चिह्नीकरण कर लिया गया है। खसरा खतौनी बनाकर भूमि अधिग्रहण के लिए एसडीएम नानपारा को पत्रावली सौंपे जाने की कवायद चल रही है। योजना के तहत 50 करोड़ की कार्ययोजना की पत्रावली शासन को भेज दी गई है। शीघ्र शासन से हरी झंडी मिलने के बाद काम शुरू करा दिया जाएगा।
अब्दुल वहीद, चेयरमैन नपाप नानपार