अखिल भारतीय विशाल दंगल का आयोजन तेंदुआ रतनपुर चौराहे पर हुआ। दूसरे व अंतिम दिन रविवार को नंदनीनगर के पहलवानों का दबदबा कायम रहा। तेंदुआ रतनपुर चौराहे पर आयोजित दंगल के अंतिम दिन पहला मुकाबला नंदनी नगर के पहलवान भगवानदीन व वाराणसी के पहलवान प्रमोद के मध्य हुआ।
इसमें भगवानदीन विजेता घोषित किए गए। दूसरा मुकाबला नंदनीनगर के भगवानदीन व बिहार के पहलवान जयकरन के मध्य हुआ। इसमें भगवानदीन विजेता घोषित किए जबकि तीसरा मुकाबला नंदनीनगर के पहलवान आशाराम व विनोद के मध्य हुआ। इसमें नंदनीनगर के आशाराम विजेता घोषित किए गए।
चौथा मुकाबला गाजीपुर के पहलवान मंगला राय व ऊदल के मध्य हुआ। इसमें मंगला राय विजेता घोषित हुए। वहीं पांचवां मुकाबला महिला पहलवानों के मध्य हुआ। सिद्धार्थनगर की सूर्या व हरियाणा की खुशबू के मध्य हुए मुकाबले में सूर्या विजेता घोषित की गईं।
इस दौरान दिल्ली से आए मुमताज, वाराणसी के अशोक, गोरखपुर के रवींद्र, हनुमानगढ़ी अयोध्या के बाबा केशवदास, हरियाणा की रीना ने भी दंगल में अपना हाथ आजमाया। दंगल का आयोजन हरदेश प्रसाद दुबे व चिंताराम द्वारा किया गया जबकि संचालन पहलवान केदारनाथ ने किया।