मिहींपुरवा स्थित गल्ला गोदाम से चोरी से गल्ला निकाले जाने की सूचना मिलने पर जांच करने पहुंचे अधि
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। मिहींपुरवा स्थित गल्ला गोदाम में अनाज की हेराफेरी किए जाने की सूचना कोटेदारों ने एसडीएम को दी। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने गोदाम पर छापेमारी की। इस दौरान कई बोरियां खुली मिलीं। हालांकि गोदाम प्रभारी ने ढीली बोरियों को सिले जाने की बात कही। नायब तहसीलदार ने अपनी रिपोर्ट एसडीएम को भेज दी है।
मोतीपुर तहसील क्षेत्र के कोटे की दुकानों को खाद्यान्न वितरित किए जाने का काम विकास खंड मिहींपुरवा कार्यालय के पीछे स्थित गोदाम से किया जाता है। शनिवार को दोपहर में गोदाम पर क्षेत्र के कुछ कोटेदार खाद्यान्न की उठान करने के लिए पहुंचे थे। गोदाम के अंदर काफी संख्या में बोरियां खुली पड़ी थी।
वहीं कर्मचारी गल्ले को इधर से उधर रखने का कार्य भी कर रहे थे। इसकी सूचना कुछ कोटेदार ने उपजिलाधिकारी मोतीपुर केपी भारती को दी। एसडीएम नेे तत्काल नायब तहसीलदार शशांक उपाध्याय को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार ने गोदाम पर छापा मारा। नायब तहसीलदार के छापा मारते ही गोदाम में हड़कंप मच गया। कर्मचारी बोरियों को ठीक करने में जुट गए।
नायब तहसीलदार ने बोरियों को खोले जाने के बारे में गोदाम प्रभारी से जानकारी ली, तो प्रभारी आरडी प्रसाद ने बताया कि माह के अंतिम दिन बोरियों की छंटनी की जाती है। इस दौरान ढीली बोरियों की सिलाई भी कराई जाती है। इस दौरान कुछ गल्ला भी बाहर निकल सकता है। वहीं कोटेदारों का आरोप था कि गोदाम से बोरियों की उठान किए जाने पर आए दिन कम खाद्यान्न दिया जाता है।
इस बारे में नायब तहसीलदार शशांक उपाध्याय से बात करने का प्रयास किया गया तो उनसे बात नहीं हो सकी। हालांकि नायब तहसीलदार ने अपनी रिपोर्ट एसडीएम को भेज दी है। आगे की कार्रवाई एसडीएम द्वारा की जाएगी।