जमुनहा(श्रावस्ती)। जमुनहा के गंगाभागड़ स्थित ग्राम सचिवालय में मंगलवार को एक कार्यक्रम आयोजित हुआ। ग्राम प्रधान रामराज की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में लोक सेवा मिशन गोंडा से आए कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को स्वच्छ व दूषित जल के बारे में जागरूक किया।
इस दौरान कोऑर्डिनेटर श्रवण कुमार ने कहा कि जनसंख्या के साथ पानी की समस्या भी बढ़ती जा रही है। कई क्षेत्रों में हैंडपंप आर्सेनिक, आयरन युक्त पानी दे रहे हैं जिसका सेवन कर लोग तमाम तरह की बीमारियां की चपेट में आ रहे हैं। लोगों को शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन की शुरुआत किया है। इंचार्ज धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जल है तो कल है। धरती का करीब तीन चौथाई भाग जल से घिरा है, लेकिन इसमें 97 फीसदी पानी पीने योग्य नहीं है। समीर कोतवाहा ने कहा कि दुनियाभर में 75 फीसदी से ज्यादा लोग साफ पानी की कमी से जूझ रहे हैं। शुद्ध पेयजल की अनुपलब्धता के बावजूद देश की बड़ी आबादी जल संरक्षण के प्रति सचेत नहीं है। ऐसे में हमें जल संचयन करने के साथ ही पानी का दुरुपयोग रोकना होगा। इस मौके पर संस्था के कल्लू सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद