श्रावस्ती। होम्योपैथिक चिकित्सालयों में तैनात चिकित्सक सुबह नौ बजे से शाम तीन बजे तक अस्पताल में मौजूद रहकर मरीजों का इलाज करें। जांच के दौरान यदि कोई चिकित्सक अथवा स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिला तो कार्रवाई की जाएगी। ये बातें मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम नेहा प्रकाश ने होम्योपैथिक चिकित्सालयों के प्रभारी चिकित्सकों की बैठक में कहीं। उन्होंने जिले में संचालित सभी होम्योपैथिक चिकित्सालयों में तैनात प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया कि चिकित्सालयों को निर्धारित समय से खोला व बंद किया जाए। चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाएं भी दी जाएं। बाहर की दवाएं न लिखें। जिला होम्योपैथिक अधिकारी हरिओम वाजपेयी को निर्देश दिया कि चिकित्सालयों का निरीक्षण करें। कोई अनुपस्थित मिले तो रिपोर्ट दें ताकि कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जा सके।
उन्होंने बिना अवकाश स्वीकृत व बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने का निर्देश भी दिया। इस दौरान सीडीओ अनुभव सिंह, एडीएम न्यायिक सुभाष चंद्र यादव, एसडीएम आशुतोष, प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. विपतराम, डाॅ. रामप्रसाद, डाॅ. विकास पटवा, डाॅ. कमल वर्मा, डाॅ. अजय वर्मा, डाॅ. सुमैया जहीन, डाॅ. अजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।