बहराइच। पांच ग्राम पंचायतों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधानों को प्रमाण पत्र वितरित किए।मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार के तहत विकासखंड महसी की ग्राम पंचायत सिकंदरपुर के प्रधान अनिल कुमार, औराही की प्रधान ममता देवी, ब्लॉक तेजवापुर की ग्राम पंचायत टेंडवा बसंतपुर की ग्राम प्रधान ज्ञानवती व उदवापुर की अंजलि और ब्लॉक फखरपुर की ग्राम पंचायत रसूलपुर दरेहटा के ग्राम प्रधान मनफूल खान को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित होने पर ग्राम पंचायत सिकंदरपुर को 11 लाख, औराही को नौ लाख, टेंडवा बसंतपुर को सात लाख, उदवापुर को चार लाख तथा रसूलपुर दरेहटा को दो लाख रुपए का अतिरिक्त आवंटन प्राप्त हुआ है। डीएम ने सभी प्रधानों को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों में स्थापित अस्थायी गोआश्रय स्थलों को मानक के अनुसार संचालित करें। जिन ग्राम पंचायतों में गो आश्रय स्थल नहीं हैं वहां बनवाए जाएं। इस अवसर पर सीआरओ अवधेश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय, जिला पंचायत राज अधिकारी उमाकांत पांडेय आदि मौजूद रहे।