भग्गड़वा(बहराइच)। हुजूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार रात निर्माणाधीन भवन देखने गया व्यवसायी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिवारवालों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। हुजूरपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत हुजूरपुर निवासी कपड़ा व्यवसायी कमेंद्र प्रताप सिंह उर्फ अंशु (36) बहराइच-करनैलगंज मार्ग के किनारे भवन का निर्माण करवा रहे थे। बृहस्पतिवार रात लगभग सवा नौ बजे वह भवन में निर्माणाधीन दूसरी मंजिल का निरीक्षण करने गए थे। इसी दौरान ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन चपेट में आ गए। धमाके की आवाज सुन लोग मौके पर पहुंचे और कमेंद्र को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, बहराइच पहुंचाया। चिकित्सकों ने कमेंद्र को मृत घोषित कर दिया। कमेंद्र की मौत की सूचना गांव पहुंचते ही कोहराम मच। कमेंद्र अपने पीछे तीन बेटियां व एक बेटा छोड़ गया है। परिवारवालों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के जिम्मेदारों से हाईटेंशन लाइन हटवाने के लिए गुहार लगाई थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। लाइन हटा दी जाती तो जान बच जाती।