श्रावस्ती। फर्जी दस्तावेजों का प्रयोग कर शिक्षक बना जालसाज पुलिस के हत्थे चढ़ गया। भिनगा कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया।गोरखपुर के थाना शिकरीगंज अंतर्गत रोहारी निवासी रामअचल यादव ने वहां के बीएसए से इस मामले की शिकायत की थी। आरोप था कि उसके प्रमाण पत्रों व अन्य दस्तावेजों के सहारे बस्ती जिले के भरवलिया निवासी रामवचन यादव ने 10 वर्ष पूर्व बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक के पद पर तैनाती ली थी। वर्तमान में वह जिले के हरिहरपुररानी विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय दोंदरा में प्रधान शिक्षक के पद पर तैनात था। खंड शिक्षाधिकारी हरिहरपुर रानी अमित कुमार की जांच में आरोप सही पाए गए और दस्तावेज फर्जी मिले। उन्होंने बीएसए के निर्देश पर आरोपी के विरुद्ध जालसाजी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया था। प्रभारी निरीक्षक भिनगा जीतेंद्र कुमार सिंह ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। संवाद