संवाद न्यूज एजेंसी बौंडी (बहराइच)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खैरा बाजार में चिकित्सक व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के मौजूद न रहने से मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। घंटों इंतजार के बाद भी मरीजों को इलाज की सुविधा नहीं मिलती। इससे स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों ने इस संबंध में सीएमओ से मिलकर शिकायत की है।पीएचसी पर सोमवार को चिकित्सक के मौजूद न रहने से मरीजों को काफी परेशानियां उठानी पड़ीं। कई मरीज काफी देर इंतजार करने के बाद बिना इलाज कराए घर लौटने को विवश हुए तो कुछ ने निजी चिकित्सकों से इलाज कराना बेहतर समझा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एलोपैथिक चिकित्सक व फार्मासिस्ट के पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रामगढ़़ी पर तैनात फार्मासिस्ट ओमप्रकाश सिंह मरीजों को दवा वितरित करते हैं। यही फार्मासिस्ट दोनों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चार-चार घंटे दवा वितरण का कार्य करते हैं। सोमवार को यहां तैनात एलटी ओमपाल सिंह, आयुष चिकित्सक डॉ. बलजीत कौर, एएनएम कुसुम सिंह व वार्ड ब्वॉय राधेश्याम नदारद रहे। मौके पर मौजूद ग्राम कटहा निवासी दिनेश व इरफान ने बताया कि वे लोग सुबह से यहां चिकित्सकों का इंतजार कर रहे हैं, लेेकिन इलाज की सुविधा नहीं मिली।