बहराइच। प्रधानमंत्री कल्याण योजना का चार माह और मासिक आंवटन के तहत कोटेदारों को 6 माह का लाभांश नही मिला है। जिले के 1315 कोटेदारों की करीब साढ़े चार करोड़ की धनराशि फंसी है। कोटेदार संघ ने कई बार आवाज उठाई, लेकिन शासन की ओर से लाभांश उपलब्ध न कराने से कोटेदार आर्थिक संकट से जूझने को विवश हैं।
केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से कोरोना महामारी के दौरान माह में दो बार निशुल्क राशन देने की व्यवस्था की गई थी। शासन ने खाद्यान्न वितरण में 85 पैसे प्रति यूनिट लाभांश प्रत्येक कोटेदार को देने का एलान किया था। बीते छह माह से मासिक आवंटन व चार माह से पीएमकेवाई के तहत खाद्यान्न का वितरण कर चुकें हैं, लेकिन लाभांश की धनराशि नहीं प्रदान की है।
कोटेदारों की ओर से कई बार डीएम, डीएसओ व खाद्य एवं रसद विभाग के आयुक्त को पत्र भेजकर लाभांश की मांग की जा चुकी है लोकिन काेई कार्यवाही नहीं की गई। ऑल इंडिया वेलफेयर शाॅप डीलर्स के जिलाध्यक्ष मुदीत श्रीवास्तव ने बताया कि करीब साढ़े चार करोड़ का लाभांश बकाया है। कई बार शासन स्तर तक के अधिकारियों से मांग की गई। जिलाध्यक्ष श्रीवास्तव ने कहा कि दोबारा डीएसओ को पत्र सौंपकर होली से पूर्व धनराशि का भुगतान कराने की मांग की गई है।