खैरीघाट (बहराइच)। शिवपुर ब्लॉक मुख्यालय के पीछे स्थित सरयू नहर में शुक्रवार की शाम एक अज्ञात युवक का शव मिला। उसके दोनों हाथ प्लास्टिक की रस्सी से बंधे थे, जिससे ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के शिवपुर विकासखंड कार्यालय के पीछे सरयू नहर गुजरी है। शुक्रवार की शाम कुछ लोग नहर की पटरी से गुजर रहे थे, इसी दौरान एक शव उतराता दिखा। जिसके बाद राहगीर रुक गए आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। शव मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और थोड़ी ही देर में नहर किनारे भारी भीड़ जमा हो गयी। स्थानीय लोगों ने शव मिलने की सूचना खैरीघाट पुलिस को दी।
सूचना पर थाना प्रभारी सतेंद्र बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव के दोनों हाथ प्लास्टिक की रस्सी से बंधे थे। जिसके बाद ग्रामीणों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई गई।
पुलिस ने शव की फोटो लेकर स्थानीय लोगों से शिनाख्त कराने की कोशिश की लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने शव का को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी सतेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र 30 से 35 वर्ष के आसपास है। हाथ बंधे होने से हत्या की आशंका को नकारा नहीं जा सकता है। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति साफ होगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।