बहराइच। गांवों का वास्तविक विकास बेहतर सड़क मार्ग से होता है। इसी को ध्यान में रखकर जिले के माननीयों ने 61 सड़कों के नवनिर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। 92 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के लिए शासन की ओर से 91 करोड़ आठ लाख रुपए की मंजूरी मिल गई है। स्वीकृति मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने निर्माण प्रक्रिया शुरु कर दी है। मौसम अनुकूल होते ही इन सड़कों का निर्माण शुरु कर दिया जाएगा।
जिले के कई गांव व मजरे अभी भी ऐसे हैं जहां की सड़कों का डामरीकरण नहीं हुआ। वहीं कई गांव ऐसे हैं, जहां डामरीकरण हुए वर्षों बीत गए और अब इन सड़कों पर डामर के नाम पर कुछ नहीं बचा। इन गांवों के बाशिंदे कच्चे मार्गों से होकर विकासखंड मुख्यालय और जिला मुख्यालय का सफर तय करते हैं। बरसात में तो हालत और खराब हो जाती है।
प्रांतीय लोक निर्माण विभाग कार्यालय के अनुसार सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड की ओर से मटेरा विधान सभा क्षेत्र की 15 किलोमीटर लंबी 10 सड़कों के नवनिर्माण के लिए 15 करोड़ 19 लाख का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिली है। वहीं सदर विधायक अनुपमा जायसवाल द्वारा 1.3 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए भेजे गए 1.10 करोड़ के प्रस्ताव को भी शासन से स्वीकृति मिली है। इसी प्रकार बलहा विधायक सरोज सोनकर के 22 किलोमीटर लंबी 16 सड़कों के लिए भेजे गए 22 करोड़ 70 लाख के प्रस्ताव, कैसरगंज विधायक आनंद यादव के 10.30 किलोमीटर लंबी छह सड़कों के आठ करोड़ 77 लाख के प्रस्ताव, नानपारा विधायक रामनिवास वर्मा के सात किलोमीटर लंबी पांच सड़कों के छह करोड़ 40 लाख के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है।
इनके साथ ही महसी विधायक सुरेश्वर सिंह द्वारा भेजे गए 28.45 किलोमीटर लंबी 20 सड़कों के लिए 30 करोड़ 43 लाख के प्रस्ताव और पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी द्वारा भेजे गए सात किलोमीटर लंबी तीन सड़कों के छह करोड़ 47 लाख के प्रस्ताव भी मंजूर हो गए। इन सभी सड़कों का निर्माण नाबार्ड योजना के तहत किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने तैयारी शुरु कर दी है, जल्द निर्माण शुरु हो जाएगा।
शासन की ओर से माननीयों के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है। 61 सड़कों का नवनिर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों को नियमानुसार निर्माण को लेकर प्रक्रिया शुरु करने को निर्देशित किया गया है। सड़कों के निर्माण से विकास में तेजी आएगी। डॉ. दिनेश चन्द्र, डीएम