उर्रा(बहराइच)। मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंयायत उर्रा बगिया निवासी एक किसान बीते 11 मार्च से लापता था। गुमशुदगी दर्ज करवा कर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। गायब होने के 16 दिन बाद सोमवार को ककरहा रेंज जंगल में किसान का क्षतविक्षत शव मिला। किसान के परिजनों ने साइकिल, चप्पल व कपड़ों से शिनाख्त की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की और फारेंसिक टीम ने नमूने लिए।
ग्रामीणों में किसान की हत्या कर शव फेंकने की चर्चाएं तेज हैं। वहीं कुछ ग्रामीण जंगली जीव के हमले की बात कह रहे हैं। मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उर्रा के मजरा बगिया निवासी दीनानाथ मौर्य(52) बीते 11 मार्च को घर से साइकिल से निकले थे लेकिन उसके बाद वह नहीं लौटे। परिजनों ने 15 मार्च को गुमशुदगी दर्ज करवाई। इसी दौरान सोमवार को कतर्नियाघाट के ककरहा रेंज के सिंगहिया बीट के जंगल में ग्रामीणों को एक पेड़ पर गमछा टंगा देखा।
वहीं पास में क्षतविक्षत शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर दीनानाथ के परिजन भी मौके पर पहुंचे और कपड़े व चप्पल देख बिलख पड़े। दीनानाथ के बेटे श्यामू ने शिनाख्त की। थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि जंगल में मानव अवशेष मिले हैं लेकिन किसके हैं, अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। पोस्टमार्टम और अन्य जांच के बाद ही कुछ कह सकते हैं। प्रथम दृष्ट्या जंगली जीव के हमले में मौत की आशंका है।