नवाबगंज (बहराइच)। नवाबगंज के बेलभरिया फार्म गांव निवासी जिस महिला का शव मकान से बरामद हुआ है, उसके पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मृतका के पति और ससुर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदईडीह गांव निवासी जगदीश ने अपनी बेटी गिन्नी की शादी तीन माह पूर्व बेलभरिया फार्म गांव निवासी दिनेश के साथ हुई थी।
नौ नवंबर को गिन्नी रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई थी। शुक्रवार दोपहर गिन्नी का शव गांव से पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक मकान से बरामद हुआ था।
गिन्नी के शव को छिपाने के लिए मकान के मुख्य द्वार को ईंट से चुन दिया गया था। पुलिस ने दीवार तुड़वाकर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
देर रात थाने पहुंचे मृतका के पिता ने खुलासा किया कि पखवारे भर से उसकी बेटी को भैंस व पचास हजार नगदी के लिए ससुराल के लोग परेशान कर रहे थे। इसी के चलते बेटी की हत्या कर लाश को छिपा दिया गया।
थानाध्यक्ष पीके सिंह का कहना है कि मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या व लाश छिपाने का केस भी दर्ज किया गया है। आरोपी पति दिनेश, ससुर, सास, देवर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
मारपीट में पांच गिरफ्तार
नानपारा। कोतवाली नानपारा अंतर्गत रजवापुर गांव में शुक्रवार को कुत्ते के मामले को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इस मामले में एक पक्ष से फैयाज, रुस्तम, आजाद और नईम तथा दूसरे पक्ष से केशवराम को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।