रुपईडीहा में बहुद्देशीय हब के लिए निरीक्षण करते डीएम, एसपी, सांसद व विधायक।
- फोटो : BAHRAICH
रुपईडीहा (बहराइच)। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रूपईडीहा में सौ एकड़ इलाके में बहुउद्देशीय मैत्री हब क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इससे पड़ोसी देश नेपाल के साथ यहां के लोगों का नाता और गहरा हो सकेगा। इस हब क्षेत्र के विकसित होने से शॉपिंग मॉल से लेकर अस्पताल, स्कूल, सब्जी व फल मंडी स्थल के साथ पर्यटन की अन्य सुविधा एक ही जगह पर मुहैया हो सकेगी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद इस कार्य योजना को अमल में लाने की कवायद तेज हो गई है। डीएम ने जल्द ही पूरी कार्ययोजना का ब्लू प्रिंट तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश जिम्मेदारों को दिया है।
इसके निर्माण का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के पड़ोसी देश से आने वाले पर्यटकों की नजर में प्रदेश की छवि को बेहतर और अच्छा बनाना है। इससे सीमा क्षेत्र में चिकित्सकीय व शिक्षण के साथ ही मनोरंजन आदि की सुविधाओं को भी बेहतर विस्तार मिलेगा। प्रस्तावित मैत्री हब स्थल के लिए सौ एकड़ जमीन की खोज का कार्य भी शुरू हो गया है। बीते दिनों सांसद अक्षयवर लाल गोंड व विधायक राम निवास वर्मा ने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, एसपी केशव चौधरी व सीडीओ कविता मीना, के साथ नेपाल बार्डर का निरीक्षण भी किया। डीएम ने संबंधित तहसील अधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्र के ग्राम हाड़ा बसेहरी, परसा अगैय्या, जैतापुर व भवनियापुर गांव में उपयुक्त भूमि स्थल चिन्हित किए जाने का निर्देश दिया है।
जल्द ही बनेगा कार्ययोजना का ब्लू प्रिंट
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रूपईडीहा कस्बे में निर्मित होने वाले बहुउद्देशीय हब के निर्माण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार किये जाने के उद्देश्य से संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रस्तावित कार्ययोजना का ब्लू प्रिंट बनाने का निर्देश दिया गया है। इसमें हब स्थल पर विकसित होने वाली सुविधाओं का पूरा विवरण होगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू हो सकेगी।
-डॉ. दिनेश चंद्र, डीएम बहराइच