बहराइच। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित परिषदीय विद्यालयों के जर्जर भवनों के चिन्हांकन का कार्य पूर्ण कर लिया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से गठित समिति ने 212 विद्यालयों के भवन जर्जर मिलने पर इन्हें ढहाकर नये भवन बनवाने की संस्तुति की है। 188 विद्यालय भवनों के निर्माण की कार्ययोजना भी शासन को भेजी जा चुकी है।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में 2803 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व संविलियन विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इनमें से कुछ भवन काफी पुराने होने के कारण जर्जर हो चुके हैं जिनके गिरने की आशंका है। भवन गिरने से दुर्घटना न हो, इसके लिए विभाग जर्जर भवनों की पहचान कर उन्हें ढहाते हुए नए भवनों के निर्माण की कार्ययोजना बीते वर्ष बनाई थी। लोक निर्माण विभाग की मूल्यांकन समिति ने 212 प्राथमिक विद्यालयों के भवनों को जर्जर बताते हुए उनके स्थान पर नए भवन बनाने की संस्तुति दी थी। अब तक 212 में से 88 भवन ढहाए जा चुके हैं।
शेष भवनों को भी ढहाने की प्रक्रिया चल रही है। विभाग की ओर से 188 भवनों के निर्माण के लिए कार्ययोजना शासन को भेजी जा चुकी है जिसे शीघ्र ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। नए भवन बनने से छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, ढहाए गए भवनों में से 23 भवनों के नव निर्माण के लिए कुछ धनराशि शासन ने पूर्व में आवंटित की थी। चयनित स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। इनमें 20 प्राथमिक व तीन उच्च प्राथमिक स्कूल शामिल हैं।
नए भवनों का निर्माण कार्य मानक के अनुसार कराया जाएगा। इसमें बच्चों को आधुनिक कक्षा कक्षा, शौचालय समेत अन्य उच्चस्तरीय सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इससे विद्यालय में पठन-पाठन का उत्कृष्ट माहौल तैयार होगा। नए भवनों के निर्माण का कार्य बच्चों की सुविधा को देखते हुए किया जाएगा।
- एआर तिवारी, बीएसए।