बहराइच में सोमवार को बूंदा-बांदी के दौरान गुजरते लोग।
बहराइच। तराई में बादलों की आवाजाही लगातार जारी है। सोमवार की दोपहर में जिले के कई स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। जिससे तापमान में नरमी रही और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। आसमान में उमड़ते बादलों व बूंदाबांदी से किसानों के चेहरे खिल गए। किसान झमाझम बारिश की आस लगाए हैं। सोमवार को जिले में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जिले में भीषण गर्मी से अब बीते कई दिनों से राहत मिलने लगी है। सोमवार को भी मौसम सुहाना हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई जो शाम तक जारी रही। वहीं, इस दौरान दोपहर के समय कुछ स्थानों बूंदाबांदी व हल्की बारिश भी हुई। जिससे सुबह से ही तराई का मौसम खुशनुमा रहा। लोगों को दिनभर गर्मी से राहत मिली।
बूंदाबांदी होने से किसानों के चेहरे खिले गए। चित्तौरा निवासी किसान शोभित, कुलेराज, चरदा निवासी मनोहर, डुहरु निवासी कामरान ने बताया कि बूंदाबांदी से धान की नर्सरी को संजीवनी मिली है। साथ ही झमाझम बारिश की उम्मीद जगी है। झमाझम बारिश होती है, तो धान की रोपाई तेज हो जाएगी।