रुपईडीहा। रुपईडीहा सीमा से नेपालगंज तक जाएं तो बाजारों और सड़कों पर आम दिनों जैसी चहल-पहल नजर आती है। नेपाल में चल रही राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों के बीच सीमा क्षेत्र में फिलहाल जनजीवन सामान्य है। हालांकि एहतियात के तौर पर सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है। सीमा पार करने वाले लोगों के पहचान पत्रों की जांच की जा रही है, आधार कार्ड समेत सभी वैध परिचयपत्र से आवागमन हो रहा है।
भारत-नेपाल सीमा पर दोनों देशों के नागरिकों का आवागमन जारी है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग व्यापार, रोजगार, खरीदारी और अन्य जरूरी कार्यों से सीमा पार करते हैं। वैध परिचयपत्र प्रस्तुत करने वाले भारतीय और नेपाली नागरिकों को नियमानुसार आवागमन की अनुमति दी जा रही है।
सीमा पार करने के लिए केवल पासपोर्ट या वोटर कार्ड अनिवार्य होने जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र समेत अन्य वैध पहचानपत्र स्वीकार किए जा रहे हैं।
नेपालगंज में विभिन्न संगठनों की गतिविधियां बढ़ने के बावजूद इसका असर सीमा पार सामान्य आवागमन पर फिलहाल दिखाई नहीं दे रहा है। बाजारों में खरीदारी और आवाजाही सामान्य है। भारत से नेपाल जाने वाले लोगों की भी नियमित आवाजाही बनी हुई है।
एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गिरीश चंद पांडे ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सीमा पर सतर्कता बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि आवागमन के लिए कोई नया नियम लागू नहीं किया गया है। वैध पहचानपत्र के साथ भारतीय और नेपाली नागरिक नियमानुसार सीमा पार कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां नेपाल की परिस्थितियों पर नजर रखने के साथ नेपाली सुरक्षा कर्मियों के साथ समन्वय बनाए हुए हैं।
सीमा पार करने के लिए इनमें से एक दस्तावेज जरूरी
एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र अथवा अन्य वैध परिचयपत्र जांच के दौरान प्रस्तुत किया जा सकता है। जांच के बाद नियमानुसार सीमा पार करने की अनुमति दी जाती है।