मिहींपुरवा/फखरपुर। रुपईडीहा के परागपुरवा गांव निवासी युवक की रविवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, फखरपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के समय बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
परागपुरवा गांव निवासी मनोज कुमार (28) बाइक से घर का सामान लेने रविवार रात रायबोझा गए थे। वहां से लौटते समय लगभग दस बजे रायबोझा के पास उन्हें किसी अज्ञात वाहन से टक्कर लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन सीएचसी मोतीपुर ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मनोज के पिता अन्नू ने बताया कि उसकी गोदभराई की रस्म हो गई थी। छह माह बाद उसका विवाह होना था। मनोज की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उधर फखरपुर क्षेत्र में रविवार रात लगभग आठ बजे लखनऊ-बहराइच राजमार्ग पर खालिदपुर के निकट एक तेज रफ्तार कार से टकराकर बाइक सवार युवराज उपाध्याय (17) व सूरज मिश्रा (15) निवासी ग्राम कुड़ासपारा, फखरपुर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने दोनों को सीएचसी फखरपुर पहुंचाया।