अपने शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए रैली स्थल पर रविवार को बड़ी संख्या में जुटे थे। इसके लिए उन्होंने काफी इंतजार भी किया। उसके बाद पीएम का भाषण तो सुना तो लेकिन मोबाइल फोन के जरिए। बहुत से लोगों को पीएम मोदी को सामने नहीं देख पाने का मलाल रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के मद्देनजर विश्वरिया गांव के निकट सुहेलदेव मैदान में करीब ढाई लाख लोगों के लिए व्यवस्था की गई थी। लोग सुबह से ही प्रधानमंत्री को सुनने के लिए रैली स्थल पहुंचने लगे। इससे दोपहर तक स्थल पूरी तरह भर गया।
प्रधानमंत्री के आगमन में विलंब होते देख 2:30 बजे मंच से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद ने कहा कि कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से हेलीकाप्टर उतर नहीं पा रहा। इससे समर्थक निराश हुए। करीब 20 मिनट तक कशमकश जारी रही लेकिन हेलीकॉप्टर वापस चला गया।
भीड़ में मौजूद लोगों को लगा कि शायद हेलीकॉप्टर फिर लौटे लेकिन इस इंतजार में तीन बज गए। इसी बीच मोबाइल से प्रधानमंत्री ने संबोधन शुरू किया तो नमो-नमो और मोदी-मोदी के जयकारों से सभास्थल गूंज उठा। संबोधन समाप्त होने के बाद लोग घरों की ओर चल पड़े।
वह प्रधानमंत्री को सुन गदगद हुए लेकिन सामने नहीं देख पाने का मलाल भी रहा। भीड़ के बीच लोग यही कह रहे थे कि मौसम के चलते प्रधानमंत्री मंच पर नहीं पहुंच सके लेकिन बहराइच के आसमान तक आए तो। उनके मोबाइल के भाषण से ही ऊर्जा का संचार हुआ।