रुपईडीहा (बहराइच)। लखनऊ में वहां के कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या की मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे नेपाल भाग गई है। बहराइच के रुपईडीहा में थाने से करीब 50 मीटर दूर टैक्सी स्टैंड पर बुधवार को उसकी एसयूवी लावारिस खड़ी मिली है। बताया जा रहा है कि हत्या के अगले दिन 10 अक्तूबर को वह इसी गाड़ी से रुपईडीहा पहुंची थी और बाद में रिक्शे से नेपाल चली गई। सीसीटीवी फुटेज में इसके साक्ष्य मिले हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी उसके नेपाल जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस और एसएसबी सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी है।
कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी लखनऊ में विपुलखंड निवासी मॉडल श्रद्धा दुबे हत्या के अगले दिन ही भारत-नेपाल सीमा पार कर नेपाल पहुंच गई थी। वह 10 अक्तूबर की सुबह करीब 5:36 बजे रुपईडीहा पहुंची थी। इसके बाद अपनी काले रंग की एसयूवी संख्या यूपी 32 क्यूक्यू 0111 को रुपईडीहा थाने से करीब 50 मीटर दूर टैक्सी स्टैंड पर खड़ा कर दिया। करीब 11 बजे वह एक युवक के साथ रिक्शे से सीमा पार कर नेपाल चली गई। दो मिनट बाद पीछे से आए दूसरे रिक्शे पर उसकी बहन रश्मि और एक अन्य युवक के भी सवार होने की बात सामने आई है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन पूरा रिकॉर्ड सरकारी सीसीटीवी में ही कैद है। आसपास के दुकानों पर लगे कैमरों में भी आरोपी श्रद्धा की काली कार दिखी है।
बुधवार सुबह रुपईडीहा इलाके में श्रद्धा के नाम पंजीकृत एसयूवी लावारिस हालत में मिलने के बाद मामले की जांच तेज हो गई। वाहन मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की टीमें सक्रिय हो गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ से भी पुलिस टीम रुपईडीहा पहुंची है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि श्रद्धा की एसयूवी वहां किसने और किन परिस्थितियों में खड़ी की थी। सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी सीसीटीवी फुटेज साझा करने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि फुटेज गोपनीय है और जांच का हिस्सा है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। (संवाद)
टोल से नहीं गुजरी कार, बाईपास के रास्ते पहुंचने का अनुमान
कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के बाद श्रद्धा की एसयूवी रुपईडीहा कैसे पहुंची, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस और एसएसबी के जवानों ने नानपारा टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन वहां से एसयूवी गुजरने का सुराग नहीं मिला। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कार नानपारा से मटेरा होते हुए इमामगंज मार्ग के रास्ते बाईपास से रुपईडीहा पहुंची होगी। दूसरा अनुमान है कि वाहन मटेरा से नवाबगंज होते हुए सीधे रुपईडीहा गया हो। हालांकि, कार के वास्तविक मार्ग की पुष्टि नहीं हुई है।
सभी बिंदुओं पर हो रही जांच : एएसपी
अपर पुलिस अधीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि रुपईडीहा क्षेत्र में एसयूवी लावारिस हालत में खड़ी मिलने की सूचना मिली है। पुलिस और एसएसबी की टीमें जांच में जुटी हैं। लखनऊ से भी पुलिस टीम पहुंची है। सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। पुलिस वाहन मिलने से जुड़े तथ्यों और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। श्रद्धा दुबे के सीमा पार करने, उसके साथ बताए जा रहे लोगों की पहचान और एसयूवी के रुपईडीहा पहुंचने के रास्ते से जुड़े सवालों का जवाब जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।