पांच दिन पूर्व मोतीपुर क्षेत्र की एक महिला की मोबाइल कॉल पर घर से निकले युवक का शव सोमवार को मोतीपुर क्षेत्र के खेत में मिला। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। भाई ने हत्या की आशंका जताई है।
नानपारा क्षेत्र में बरईदास पुरवा गांव निवासी शंभू (40) पुत्र रामलाल का परिचय मोतीपुर क्षेत्र के खैरी गांव की एक महिला से था। पांच दिन पूर्व शंभू के मोबाइल पर उस महिला ने कॉल कर घर जरूरी काम के लिए बुलाया था। उसके बाद शंभू घर नहीं लौटा। परिवारीजनों ने खोजबीन की लेकिन सुराग नहीं लग पाया।
शंभू के भाई ओमप्रकाश का कहना है कि सोमवार दोपहर मोतीपुर क्षेत्र में खैरी गांव से कुछ दूर एक शव मिला। उसकी पहचान शंभू के रूप में हुई। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। ओम प्रकाश ने हत्या कर लाश फेंके जाने की आशंका जताई है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हालांकि अभी केस दर्ज नहीं किया है। थानाध्यक्ष अशरफ परवेज का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद केस दर्ज किया जाएगा। आरोप को देखते हुए छानबीन की जा रही है।