बहराइच के मेडिकल कालेज में वैक्सीनेशन कक्ष में मौजूद स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। प्रथम चरण में जिले के 400 कोरोना योद्धाओं को टीका लगाया जाना था। मगर सिर्फ 282 कोरोना योद्धाओं ने ही टीका लगवाया है। ऐसे में छूटे 118 कोरोना योद्धाओं को टीका नहीं लगाया जाएगा। जिला मुख्यालय और जरवल व नानपारा सीएचसी में सुरक्षा व उचित तापमान के बीच वैक्सीन रखी गईं हैं। सीएमओ के मुताबिक टीकाकरण के बाद किसी में साइड इफेक्ट नहीं दिखा है।
जिले में प्रथम चरण का कोरोना टीकाकरण शनिवार को हुआ। जिसमें 400 कोरोना योद्धाओं को टीका लगना था। इसके लिए मेडिकल कॉलेज, महिला अस्पताल, जरवल और नानपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण शुरू हुआ। मगर देर शाम तक चले अभियान में सिर्फ 282 कोरोना योद्धाओं को ही टीका लग सका। 118 कोरोना योद्धा टीका लगवाने से वंचित रह गए। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि जिन कोरोना योद्धाओं को प्रथम चरण में टीका नहीं लगा है। अब उन्हें टीका नहीं लग सकता। क्योंकि उन्हें पंजीकरण, टीका लगाने की तिथि, स्थान की जानकारी मेसेज द्वारा दे दी गई थी।
इसके बावजूद वह टीकाकरण के लिए नहीं पहुंचे। ऐसे में अब इनको टीका नहीं लगाया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि वैक्सीन की सुरक्षा पुलिस द्वारा की जा रही है। स्वास्थ्यकर्मी भी पल-पल नजर रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बची शेष वैक्सीन को कोल्ड चेन में रखा गया है। तापमान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
किसी को भी साइड इफेक्ट नहीं
सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के चार केंद्रों पर शनिवार को प्रथम चरण में 282 कोरोना योद्धाओं को टीका लगाया गया है। जिन्हें टीका लगा है, उन पर संबंधित क्षेत्र के सीएचसी अधीक्षक व स्वास्थ्यकर्मी नजर रख रहे हैं। मगर किसी भी कोरोना योद्धा में साइड इफेक्ट नहीं हुआ है। ये सुखद संकेत है।