जरवलरोड। इंडियन बैंक की जरवल कस्बा शाखा के बाहर लगे एटीएम में बदमाशों ने कैश डिस्पेंसर स्लॉट में काले रंग की स्केलनुमा पट्टी फंसाकर ग्राहकों के करीब 37 हजार रुपये हड़प लिए। ग्राहकों की शिकायत के बाद बैंक प्रबंधन की जांच में यह पूरा फर्जीवाड़ा सामने आया। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जरवल कस्बे में हाइवे किनारे स्थित इंडियन बैंक शाखा के एटीएम को बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। जांच में सामने आया कि बदमाश एटीएम के कैश डिस्पेंसर पर काले रंग की स्केल जैसी वस्तु चिपका देते थे। इससे ग्राहक जब पैसे निकालने का प्रयास करते, तो कैश स्लॉट पर ही अटक जाता और बाहर नहीं निकलता। ग्राहक मशीन को खराब समझकर वहां से लौट जाते थे।
जैसे ही एटीएम खाली हो जाता, बदमाश वापस आकर स्केल को हटाते और फंसी हुई नकदी निकाल ले जाते। इस तरीके से 25 जनवरी को 10 हजार, 9 मार्च को 12 हजार, 30 मार्च को 5 हजार और 10 अक्टूबर को 10 हजार रुपये अलग-अलग ग्राहकों के निकाल लिए गए।
ग्राहकों की लगातार मिल रही शिकायतों पर शाखा प्रबंधक चंद्र भान सिंह ने एटीएम की जांच कराई तो धोखाधड़ी का तरीका उजागर हुआ। इसके बाद थाने में तहरीर दी गई।थानाध्यक्ष जरवलरोड संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एटीएम पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, शीघ्र ही बदमाशों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।