राजीव गांधी खेल अभियान योजना को केंद्र सरकार ने बंद कर दिया है। इससे 14 ब्लॉकों में मिनी स्टेडियम का निर्माण अधर में लटक गया। ब्लॉक स्तर पर होने वाले खेल कार्यक्रमों के लिए भी कोई बजट नहीं दिया गया है।
प्रान्तीय युवा कल्याण विभाग की ओर से पाइका योजना संचालित की जा रही थी जिसे सरकार ने बंद कर दिया था। इसके बाद राजीव गांधी खेल अभियान नामक योजना शुरू की गई।इसके तहत ब्लॉक स्तर पर खेलों का आयोजन किया जाता था। युवा कल्याण अधिकारी सुशील मिश्र के मुताबिक वर्ष 2014-15 में ब्लाकों में आयोजन हुए।
उसके बाद योजना बंद कर दी गई। कोई बजट भी केंद्र या राज्य सरकार ने नहीं दिया। ब्लॉक स्तर पर पुरस्कार प्रदान किए जाते थे। उनमें 250 रुपये प्रथम, 150 रुपये द्वितीय और 100 रुपये तृतीय स्थान पाने वाले विजेताओं के बैंक खातों में दिए जाते थे।
इसी तरह जिला स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान के लिए क्रमश: 300, 200 और 150 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाता था। युवा कल्याण अधिकारी सुशील मिश्र के मुताबिक युवा कल्याण विभाग की ओर से हुजूरपुर ब्लॉक के ग्राम भैंसाही और फखरपुर के ग्राम अचोलिया दहौरा में एक-एक स्टेडियम स्थापित किया गया है। मरौचा में व्यायामशाला बनी है।