मिहींपुरवा रेलवे स्टेशन। - स्रोत : विभाग
मिहींपुरवा। रायबोझा से भीरा तक प्रस्तावित नई ब्रॉडगेज रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे के नक्शे में मिहींपुरवा को शामिल न किए जाने से लोगों में नाराजगी है। करीब दो लाख की आबादी के आवागमन, कारोबार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रमुख केंद्र होने के बावजूद तहसील मुख्यालय को रेल परियोजना से बाहर रखने पर विरोध शुरू हो गया है। लोगों ने सर्वे अंतिम होने से पहले मिहींपुरवा को रेल मार्ग से जोड़ने की मांग की है।
रेलवे के सर्वे नक्शे में मिहींपुरवा का उल्लेख नहीं है। नानपारा-मैलानी रेलखंड की पुरानी मीटरगेज लाइन मिहींपुरवा से कतर्नियाघाट और दुधवा के जंगलों के बीच से गुजरती है। वन्यजीव संरक्षित क्षेत्र होने के कारण इस मार्ग पर ब्रॉडगेज लाइन बिछाने की अनुमति नहीं मिल सकी।
इसके बाद रेलवे ने वैकल्पिक मार्ग से नई लाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू की। रायबोझा से भीरा तक फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी मिलने और धनराशि जारी होने के बाद क्षेत्रीय लोगों को मिहींपुरवा के शामिल होने की उम्मीद थी। नक्शे में जगह न मिलने से लोगों को निराशा हुई है।
उद्योग व्यापार मंडल आंदोलित
उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक कस्बे के मोदी अतिथि भवन में हुई। व्यापारियों ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर रेल मंत्री तक ज्ञापन भेजा जाएगा। इसके बाद भी सुनवाई न हुई तो क्षेत्रीय लोगों को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा। अध्यक्ष संजय सिंह, प्रमुख व्यवसायी सदाशिव उपाध्याय, डॉ. छोटेलाल गुप्ता, सुदामा सिंह और अनूप मोदी समेत अन्य व्यापारियों ने कहा कि मिहींपुरवा को रेल मार्ग से जोड़ने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
सांसद बोले, रेलवे के उच्चाधिकारियों से करेंगे वार्ता
बहराइच के सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने बताया कि रायबोझा से भीरा तक प्रस्तावित नई ब्रॉडगेज रेल लाइन का फाइनल लोकेशन सर्वे चल रहा है। स्थानीय लोगों की मांग पर रेलवे के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर मिहींपुरवा को परियोजना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर रेल मंत्री के समक्ष भी यह मांग उठाई जाएगी, ताकि मिहींपुरवा को रेल मार्ग से जोड़ने की संभावनाओं पर विचार हो सके।