लखनऊ में अमर उजाला की ओर से आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित बहराइच के मेधावी छात्?
- फोटो : BAHRAICH
सबहराइच। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2021 में जिले में टॉप करने वाले मेधावियों को गुरुवार को लखनऊ में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिलने पर जिले के मेधावी खुशी से झूम उठे। उन्होंने इसके लिए अमर उजाला के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अमर उजाला की ओर से गुरुवार को मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें जिले से हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र सर्वरीष शुक्ला को प्रमाण पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया।
सर्वरीष ने 500 में से 445 अंक प्राप्त किए थे। इसी प्रकार इंटरमीडिएट परीक्षा में 600 में से 572 अंक प्राप्त करने वाले सैनिक इंटर कॉलेज के छात्र सूर्यभान सिंह को भी सम्मानित किया गया। सूर्यभान वर्तमान समय में राजस्थान प्रांत के कोटा में आईआईटी की तैयारी कर रहे हैं। उनका पुरस्कार उनके बड़े भाई वीरभान सिंह ने प्राप्त किया। मेधावियों के सम्मानित होने से उनमें काफी हर्ष नजर आया।