बहराइच। दो दिन खेिली धूप ने लोगों को ठंड से राहत दी थी। लेकिन शनिवार शाम से शुरू हुई तेज बर्फीली हवा ने पारे को फिर लुढ़का दिया। रविवार को जिले का अधिकतम तामपान 18 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो शनिवार की अपेक्षा चार डिग्री कम रहा। तेज सर्द हवा के चलते रविवार की सुबह लोग घरो में कैद रहे। हालांकि दोपहर बाद निकली धूप ने लोगों को राहत जरूर दी। धूप निकलने पर पार्कों में चहल-पहल बढ़ी रही।
नववर्ष के बाद से ही पूरा जिला भीषण ठंड की चपेट में है। लेकिन शुक्रवार व शनिवार की सुबह निकली चटक धूप से लोगों को ठंड से राहत मिली थी और लोग सर्दियों की विदाई के कयास लगाने लगे थे। लेकिन शनिवार की शाम से शुरू हुई तेज पछुआ हवाआ हवा ने लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और एक बार फिर जिले को ठंड से जकड़ दिया। शनिवार की शाम 11 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली सर्द हवाओं के चलते पारा चार डिग्री तक लुढ़क गया।
रविवार की सुबह आसमान घने बादलों की गिरफ्त में रहा और गलन बढ़ी रही। हवा के चलते जिले का अधिकतम तामपान चार डिग्री घटकर 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री सेल्यिस की गिरावट दर्ज की गई। दोपहर बाद एक बार फिर बादल छटे और सूर्यदेव के दर्शन हुए, जिसके बाद कुछ देर के लिए लोगों को गलन भरी ठंडक से निजात मिली। धूप निकलने से जिले के पार्क भी बच्चों की उछल-कूद से गुलजार हो गए। बच्चों समेत बुजुर्गों व बड़ों ने पार्कों में बैठकर गुनगुनी धूप का आनंद लिया। धूप निकलने से मरीजों व तीमारदारों को भी राहत मिली और सभी को मेडिकल कॉलेज परिसर में धूप सेंकते देखा गया।