बहराइच। थाना क्षेत्र नानपारा के भगनीबोधी गांव निवासी सितारुहन निशां (22) का शव शुक्रवार शाम घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विवाहिता के मायके पयागपुर थाना क्षेत्र के शिवदाहा से आए भाई मुनव्वर अली ने आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बहन की शादी लगभग डेढ़ वर्ष पहले नानपारा निवासी चांदबाबू से की थी। वह गुजरात में रहकर काम-धंधा करता है। ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज के तौर पर कार की मांग की थी। मांग पूरी न होने पर बहन की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया। उसने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर देने की बात कही है। मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
नानपौरा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह का कहना है कि फिलहाल मायके वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। फंदा लगाकर जान देने का पता चला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चलेगी। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।