बहराइच। हुजूरपुर थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहिता का शव शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्राम पंचायत सुईया निवासी शाकिरा (30) का शव शनिवार को संदिग्ध हालात में फंदे से लटकता मिला। शव देख परिजनों में कोहराम मच गया और मृतका के पिता को घटना की सूचना दी। मृतका के पिता पयागपुर थाना क्षेत्र के राजापुर कला निवासी जलील ने ससुराली जनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा और घटना की सूचना पुलिस को दी।
पिता जलील ने आरोप लगाया कि पति अली अहमद 50 हजार रुपए की मांग रहा था और न देने पर बेटी के साथ मारपीट करता था। शुक्रवार को भी शाकिरा के साथ मारपीट की थी। वहीं, पति अली अहमद ने बताया कि शुक्रवार को विवाद हुआ था, जिससे नाराज होकर उसने आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी अनिल मिश्रा ने बताया कि पति समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।