पयागपुर। मनकापुर गांव में बुधवार को 21 वर्षीय विवाहिता आरती का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरती का विवाह हरिओम के साथ एक वर्ष पूर्व हुआ था। उनकी मां छेदना ने बताया कि विवाह में सामर्थ्य के अनुसार नकदी, जेवर और गृहस्थी का सामान दिया गया था। मां का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए आरती को प्रताड़ित करने लगा। मारपीट और उत्पीड़न के संबंध में पहले थाना हुजूरपुर में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर आरती की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।