फखरपुर। ग्राम छप्परतला इंदूर निवासी महिमा ने बुधवार को अपने पिता के साथ थाना पहुंचकर ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिमा ने बताया कि उनका विवाह बौंडी के ग्राम नग्गापुरवा कोदही निवासी विनय दुबे के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति विनय, ससुर मयंकर दुबे, सास गुड़िया और देवर अवधेश दुबे अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते रहे।
पीड़िता का कहना है कि मांग पूरी न होने पर गाली-गलौज करते हुए पिटाई की गई, जान से मारने की धमकी भी दी गई।
थानाध्यक्ष संजीव चौहान ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना एसआई लक्ष्मण पांडेय को सौंपी गई है।