रुपईडीहा(बहराइच)। शादी का झांसा देकर युवती को बेचने ले जा रहे मानव तस्कर को एसएसबी ने दबोच लिया। पूछताछ करने पर मानव तस्करी का मामला सामने आया। युवती को नेपाली संस्था के सुपुर्द कर सुरक्षित घर पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि पकड़े गए मानव तस्कर को नेपाली पुलिस को सौँप दिया।
भारत-नेपाल सीमा के रुपईडीहा नोमेंस लैंड पर एसएसबी के जवान गश्त कर रहे थे। पिलर संख्या 651/07 के पास गश्त कर रहे एसएसबी के हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार वर्मा, महिला आरक्षी उषा प्रकाश, शिल्पा देवी को दो लोग संदिग्ध आते हुए दिखाई पड़े। जवानों ने दोनों को रोककर पूछताछ की तो दोनों ने अलग-अलग बातें बताई। एसएसबी 42वीं बटालियन के कमांडेंट प्रवीण कुमार ने बताया कि मामला मानव तस्करी से जुड़ा पाए जाने पर दोनों को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान पता चला कि युवती को शादी का झांसा देकर युवक दिल्ली, मुंबई व उत्तराखंड ले जाने की बात बताई। इन्ही राज्यों में से कहीं युवती को मानव तस्कर बेच देता। कमांडेंट ने बताया कि पकड़े गए तस्कर की पहचान लोकेंद्र सिंह राधि वार्ड नंबर 6 जिला रुकुम राष्ट्र नेपाल के रूप में हुई।