बहराइच। सुजौली थाना क्षेत्र के पंचायत चहलवा के मंगलपुरवा गांव निवासी वीर बहादुर (58) को मंगलवार की रात घर के बाहर बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें लेकर प्राइवेट अस्पताल पहुंचे। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें लेकर लखीमपुर खीरी जा रहे थे। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि देर रात वह घर से बाहर लघुशंका करने के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार ने टक्कर मार दी। उपचार के दौरान ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने बाइक सवार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है। सुजौली थानाध्यक्ष हरीश सिंह का कहना है कि परिजनों ने मौत की जानकारी बुधवार सुबह दी है। तहरीर पर बाइक सवार पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।