बहराइच के जगतापुर में सार्वजनिक रास्ते पर उठाई गई दीवार।
बहराइच। फरीदाबाद जेल में लगभग ढाई साल निरुद्ध रहने के बाद जेल से छूटे यूपी के टॉप 50 अपराधियों में शुमार जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह गब्बर पर एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। गब्बर इसी महीने जेल से छूट कर आए हैं। गब्बर पर सार्वजनिक रास्ते पर दीवार उठाने, रंगदारी समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
देहात कोतवाली में दर्ज मुकदमें में वादी वीवी सिंह ने आरोप लगाया कि जगतापुर गांव में उनकी जमीन है। उनके जमीन तक 20 फुट का रास्ता गया है। इनकी जमीन के पास ही इसराईल आदि की भी जमीन थी, जिन्हेंं इन सभी ने अलग-अलग लोगों को बेच दी थी। इसराईल की जमीन पर ही दो प्लाॅट माफिया गब्बर सिंह ने लिया था। इसे बाद में उसने बेच भी दिया था और मौके पर उनकी कोई जमीन नहीं बची। लेकिन गुंडा टैक्स वसूलने के लिए जेल जाने से पहले गब्बर सिंह ने उनकी जमीन के एक तिहाई हिस्से के एवज में रुपये मांगे। न देने पर दबाव बनाया, इस पर उन्होंने एक लाख रुपये दे दिए। अब जेल से छूटने के बाद 10 जून को वह फिर आए और दोबारा एक तिहाई जमीन के एवज में रंगदारी मांगी। साथ ही रुपये न देने पर रास्ते पर खड़ी की गई दीवार न हटाने व जान से मारने की धमकी दी। वीवी सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया कि गब्बर के धमकी देने के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। कोतवाल देहात रमेश रावत ने बताया कि तहरीर पर सुसंगत धाराओंं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।