तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग को लेकर आंदोलित कैसरगंज के वकीलों ने शनिवार को नगर में जुलूस निकाला और लखनऊ-बहराइच मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। इससे एक घंटे तक लखनऊ हाईवे जाम रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। जाम में फंसे लोग परेशान हुए। मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ के आश्वासन पर वकील शांत हुए।
कैसरगंज तहसील के वकील काफी दिन से तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग कर रहे हैं। कार्रवाई नहीं होने से नाराज वकीलों ने शनिवार को पुराने तहसील परिसर से जुलूस निकाला। मुख्य बाजार होते हुए वह तहसील के नवीन भवन पहुंचे और तहसीलदार डॉ. उमाशंकर के खिलाफ नारेबाजी की।
इसके बाद लखनऊ-बहराइच हाइवे जाम कर दिया। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजकिशोर यादव ने कहा कि तहसीलदार की मनमानी व कार्यशैली से वकील क्षुब्ध हैं। तीन माह से अधिवक्ता उसके स्थानांतरण की मांग कर रह लेकिन शासन-प्रशासन मूक दर्शक बना है।
ऐसे में अधिवक्ताओं के मान-सम्मान व जनहित के मुद्दों से समझौता नहीं होगा। प्रदर्शन के चलते लगभग एक घंटे तक हाईवे जाम रहा। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। मौके पर पहुंचे एसडीएम मनोज कुमार व सीओ भरत यादव ने वकीलों को समझाकर जाम समाप्त कराया।