मोतीपुर वनरेंज में अबकारी विभाग के छापे में बरामद उपकरण व शराब। -स्रोत : विभाग
मिहींपुरवा। मोतीपुर रेंज के जंगल में पिछले कई महीनों से चल रही अवैध शराब बनाने की भट्ठी का सोमवार को आबकारी विभाग ने खुलासा किया। इस दौरान टीम ने बड़ी संख्या में शराब बनाने के उपकरण, लोहे के ड्रम, लहन, नौसादर और तैयार कच्ची शराब बरामद की। इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आबकारी निरीक्षक आदित्य कुमार ने बताया कि मुखबिर के जरिये सूचना मिली थी कि जंगल में कच्ची शराब का धंधा कुटीर उद्योग की तरह चलाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद रविवार देर रात टीम के साथ मोतीपुर रेंज स्थित उपदा नाले के किनारे घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया।
टीम को देखकर मौके पर मौजूद पांच लोग झाड़ियों का सहारा लेकर भाग निकले। मौके से एक बड़ी भट्ठी, लोहे के ड्रम, काफी मात्रा में लहन, नौसादर व तैयार कच्ची शराब बरामद हुई। बरामद सामान को जब्त करते हुए लहन आदि को मौके पर ही नष्ट करा दिया। फरार लोगों की पहचान करते हुए मोतीपुर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।