महसी। रमपुरवा स्थित मानसरोवर तालाब के पास सोमवार रात ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर रहे लाइनमैन पर युवक ने हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हरदी थाना के रमपुरवा निवासी विनायक शुक्ला विद्युत उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार रात करीब नौ बजे वह रमपुरवा स्थित मानसरोवर तालाब के पास ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी ठीक करने गए थे। इसी दौरान गांव निवासी शुभम अवस्थी वहां पहुंचा और जानबूझकर विद्युत कटौती करने का आरोप लगाते हुए विनायक से अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने प्लास से विनायक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।