बहराइच। उर्वरक को लेकर पूरे जिले में माहौल गर्म है। किसानों की शिकायत पर रविवार को जिला कृषि अधिकारी ने टीम के साथ नानपारा क्षेत्र में उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण किया। अनियमितता मिलने पर छह दुकानों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। अन्य उर्वरक विक्रेताओं को नियमानुसार बिक्री की हिदायत दी गई।
जिला कृषि अधिकारी डाॅ. सूबेदार यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर यादव बीज भंडार रायबोझा, रामकेवल वर्मा उर्वरक विक्रेता रायबोझा, ट्विंकल खाद भंडार सर्राकला, न्यू नवभारत खाद बीज भंडार मटेही, फिरोज खाद बीज भंडार राजापुर कला तथा उर्रा बाजार स्थित श्री गोविंद बीज भंडार का लाइसेंस निलंबित किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि अन्य विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि ई पॉस मशीन पर आधार कार्ड से खतौनी चेक करते हुए शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक की बिक्री करें। उर्वरक वितरण के साथ स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर व उर्वरक खरीदने वाले का रिकॉर्ड प्रतिदिन अद्यतन कर खाद की बिक्री करें।