बिछिया। शारदा सहायक परियोजना प्राथमिक विद्यालय गिरिजापुरी में शनिवार को छुट्टी से करीब 10 मिनट पहले उस समय दहशत फैल गई, जब एक मादा तेंदुआ तीन शावकों के साथ दिखी। सहायक अध्यापक नरेंद्र यादव ने बताया कि वह रोज की तरह अन्य शिक्षकों के साथ शनिवार को बच्चों को पढ़ा रहे थे।
दोपहर करीब 1:50 बजे अचानक बाहर कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। उसी दौरान स्कूल से करीब 50 मीटर दूर मादा तेंदुआ तीन शावकों के साथ चहलकदमी करती दिखाई दी। तेंदुए को स्कूल के इतने करीब देखकर शिक्षकों ने तत्काल सभी बच्चों को एकत्र किया और उन्हें अपने साथ समूह में लेकर जंगल का रास्ता पार कराया।
शिक्षकों ने बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बाद राहत की सांस ली। शिक्षक नरेंद्र यादव ने बताया कि तेंदुए की मौजूदगी की सूचना वन विभाग को देने का प्रयास किया गया, लेकिन उस समय मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण तत्काल सूचना नहीं दी जा सकी।