बालासराय में मिले तेंदुए के पगचिह्न। -संवाद
बहराइच। ग्राम पंचायत बालासराय स्थित शनि देव मंदिर से शुक्रवार रात एक पालतू कुत्ते को तेंदुआ खींच ले गया। शनिवार सुबह मंदिर से करीब 100 मीटर दूर उसका शव मिलने से गांव में दहशत फैल गई। घटना स्थल के आसपास मिले तेंदुए के पगचिह्नों ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।
पुजारी गोपाल दास ने बताया कि मंदिर परिसर में रहने वाला पालतू कुत्ता अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने मंदिर से कुछ दूरी पर उसका क्षत-विक्षत शव देखा और इसकी सूचना पुजारी व अन्य लोगों को दी।
ग्रामीणों के अनुसार, शव के आसपास तेंदुए के पगचिह्न स्पष्ट दिखाई दिए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ ही कुत्ते को खींचकर ले गया और उसे अपना शिकार बनाया। घटना के बाद गांव के लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। वन क्षेत्राधिकारी मो. शाकिब ने बताया कि क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को सजग रहने को कहा गया है।