बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन प्रभाग के सुजौली रेंज में पिछले एक सप्ताह से तेंदुए की लगातार चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने सुजौली गांव के बाहर गन्ने के खेत के पास पिंजरा लगाया है। पिंजरे में बकरे को चारे के रूप में रखा गया है। वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।
रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन के आधार पर गांव के बाहर गन्ने के खेत के पास पिंजरा लगाया गया है। वन विभाग की टीम पिंजरे के आसपास लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि रात के समय ग्रामीण अकेले खेतों की ओर न जाएं और बच्चों को भी अकेला न छोड़ें। तेंदुआ दिखाई देने या उसकी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।