कतर्नियाघाट रेंज में रेलवे ट्रैक को पार करता तेंदुआ।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। बिछिया पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर मंगलवार की सुबह एक तेंदुआ चहलकदमी करता नजर आया। इस दौरान टहलने निकले कुछ युवकों ने तेंदुए को कैमरे में कैद कर लिया। लगभग 15 मिनट तक रेलवे ट्रैक पर घूमने के बाद तेंदुआ जंगल में चला गया।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत बिछिया पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के निकट सुबह कुछ युवक टहलने के लिए गए थे। बिछिया गांव निवासी जमील अंसारी, आर्यन कौशल, हारून अंसारी, मुन्नू आदि टहलते हुए रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रहे थे। तभी उन्होंने लगभग 200 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक पर एक तेंदुए को चहलकदमी करते हुए देखा। इस पर सभी लोग ठिठक गए।
पहले तेंदुए को देख सभी युवक दहशत में हुए, मगर कुछ देर के बाद ही युवकों ने तेंदुए को कैमरे में कैद कर लिया। लगभग 15 मिनट तक तेंदुआ रेलवे ट्रैक पर चहलकदमी करता रहा। इसके बाद वह वापस जंगल की ओर चला गया।