उर्रा (बहराइच)। ककरहा रेंज के गड़रियनपुरवा गांव में एक तेंदुआ जंगल से भटक कर पहुंच गया। ग्रामीणों के हांका लगाने पर तेंदुआ मक्के के खेत में पहुंच गया। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने तेंदुए की खोज की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। तेंदुए की निगरानी के लिए वन विभाग की टीम ने खेत को जाल लगाया है। टीम निरंतर गश्त कर रही है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज अंतर्गत मझरा ग्राम पंचायत के गड़रियनपुरवा निवासी कंधईलाल पाल के घर के पीछे शनिवार को तेंदुआ आ गया। मकान के पीछे तेंदुआ देख ग्रामीणों ने शोर मचाया। इस पर तेंदुआ पास में ही स्थित मक्के के खेत में चला गया। सूचना रेंज कार्यालय पर दी गई।
सूचना पर कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के एसडीओ एके पांडेय की अगुवाई में डिप्टी रेंजर महेंद्र मौर्या, वन दरोगा आलोकमणि तिवारी, टागइर स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स के जवान मनपाल सिंह, शिव विलास की टीम मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों ने मौके का मुआयना किया। एसडीओ ने बताया कि तेंदुआ जंगल से भटक कर गांव की ओर गया है।
मक्के के खेत को चारों तरफ जाल से बांधा गया है। इसके बाद जांच की गई है, लेकिन तेंदुए का पता नहीं चल रहा है। ऐसे में तेंदुआ शायद जंगल की ओर चला गया होगा। उन्होंने बताया कि डिप्टी रेंजर की अगुवाई में वनकर्मी निरंतर गश्त कर रहे हैं। ग्रामीण भी सजग रहें। गर्मी होने के कारण जीव-जंतु जंगल से बाहर निकल रहे हैं।