मोतीपुर (बहराइच)। कतर्नियाघाट रेंज के बिछिया गांव में एक ग्रामीण के घर में घुसकर तेंदुए ने बीती रात दो बकरियों को निवाला बना लिया जबकि एक पालतू कुत्ते को भी घायल कर दिया है।
कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के बिछिया गांव निवासी बेगम जहां के घर में बुधवार की देर रात दीवार फांदकर तेंदुआ घुस गया। घर में बंधी दो बकरियों को तेंदुए ने निवाला बना लिया। सुबह घर वाले सोकर उठे, तो बकरियों के शव घर के आंगन में पड़े थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे वन दरोगा अमर सिंह वर्मा तथा वाचर संजय गौड़ ने पगचिह्नों के आधार पर तेंदुए के हमले की पुष्टि की है।
वन टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। इसके अलावा मंगलवार की रात को तेंदुआ बिछिया गांव निवासी मुन्ना सोनी पुत्र दीपचंद सोनी के पालतू कुत्ते पर हमला कर घायल कर दिया था।
दुकान से पकड़ा गया 10 फिट का अजगर
फोटो- 25 कतर्नियाघाट रेंज के बिछिया बाजार निवासी सुशील गुप्ता के किराना की दुकान में अजगर पिछले कई दिनों से डेरा जमाए था। बृहस्पतिवार की सुबह सामान खरीदने आए ग्राहक अजगर को देखकर सहम गए। लोगों ने सूचना बिछिया वन चौकी पर दी। मौके पर पहुंचे वाचर संजय गौड़ ने उसे पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। वन कर्मी ने अजगर की लंबाई 10 फीट के करीब बताई है।